केंद्र एवं मध्य प्रदेश शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण’ आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार ला रहा है। इसी क्रम में दतिया जिले के जनपद पंचायत भांडेर अंतर्गत ग्राम पंचायत असटोट निवासी श्री अनिल श्रीवास्तव के परिवार को घर में पक्का शौचालय बनने से बड़ी राहत मिली है।
अनिल श्रीवास्तव बताते हैं कि पहले उनके घर में शौचालय की कोई सुविधा नहीं थी। इस कारण उन्हें और उनके पूरे परिवार को शौच के लिए खुले में बाहर जाना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मौसम की मार और असुरक्षा के बीच भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, साथ ही समय की भी बर्बादी होती थी।
स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत अनिल श्रीवास्तव के घर में व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय का निर्माण कराया गया। पक्का शौचालय तैयार होने के बाद परिवार ने खुले में जाना पूरी तरह बंद कर दिया है। अब परिवार सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमापूर्ण वातावरण में जीवन यापन कर रहा है।
शौचालय निर्माण से खुश अनिल श्रीवास्तव ने देश के प्रधानमंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा पहले हमें बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हमारे घर में शौचालय बनने से हमें बहुत सहूलियत मिली है। हम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने स्वच्छता का यह पुनीत अभियान चलाकर हमारे जीवन को आसान और सम्मानजनक बनाया।
सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया

