सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित आंगनबाड़ी मिलन सेवा कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर परियोजना मुरैना ग्रामीण के आंगनबाड़ी केंद्र सागोरिया का पुरा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री ओम प्रकाश पाण्डे के निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी मुरैना ग्रामीण श्रीमती निशा शंखवार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र पर उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं योजना के हितग्राहियों का स्वागत किया गया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वच्छता के महत्व पर चर्चा करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का वीडियो प्रसारण भी उपस्थितजनों को दिखाया गया। इसके पश्चात महिलाओं एवं बच्चों से कुपोषण की रोकथाम, संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व पर संवाद किया गया। उपस्थितजनों को स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषण संबंधी संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने, बच्चों एवं महिलाओं के पोषण का विशेष ध्यान रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन परियोजना मुरैना ग्रामीण की सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती रितु शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं सहित महिलाओं, बच्चों तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



