प्रदेश शासन की ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ के तहत शनिवार को प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कर उनकी मेहनत को सम्मानित किया गया। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 7,400 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात दी। इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिले के 304 मेधावी विद्यार्थियों को भी स्कूटी प्रदाय कर उनके सपनों को नई उड़ान दी गई।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। विकासखंड छिंदवाड़ा के 55 विद्यार्थियों ने प्रभारी मंत्री श्री सिंह के हाथों स्कूटी प्राप्त की, प्रभारी मंत्री ने इन सभी मेधावी विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिले में कुल 304 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई। इनमें 159 छात्राएं और 145 छात्र शामिल हैं। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों ने इसे शासन की इस योजना को अपनी मेहनत और उपलब्धि के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन बताया। इस पहल से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे वे अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को और अधिक सहजता से प्राप्त कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि ' मुख्यमंत्री स्कूटी योजना ' सरकारी स्कूलों के 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की एक सरकारी पहल है। सरकारी स्कूलों के 12वीं के वे छात्र - छात्राएं जो अपने स्कूल में पहला स्थान (टॉपर) लाते हैं और पहले प्रयास में कम से कम 70% अंक प्राप्त करते हैं, उन्हें इस योजना के तहत स्कूटी खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, श्री विजय पांडे, श्री कमलेश उइके, श्री अजय सक्सेना, श्री भारत घई, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री संजय पटेल, श्री राजू नंदवंशी, श्रीमती अमिता बरैया, श्रीमती वंदना विश्वकर्मा, श्रीमती आरती खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
वहीं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इडपाचे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सत्येन्द्र सिंह मरकाम व विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र साहू सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, ब्लॉक के सभी स्कूलों के शिक्षकगण, मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
शनिवार को यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों में भी आयोजित किया गया था, जिसमें संबंधित ब्लॉक के सभी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्कूटी का वितरण किया गया।




