मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश दिनांक 14 अगस्त 2026 के अनुपालन में भारत सरकार की नागरिक-उन्मुख पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ के अंतर्गत नागरिकों से प्राप्त प्रणालीगत सुधार संबंधी सुझावों के प्रभावी संकलन, जिला स्तर पर नागरिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता तथा गतिविधियों के समन्वय के लिए छिन्दवाड़ा जिले में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है।

गठित समिति में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन को अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर निगम, जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को समिति में सदस्य बनाया गया है। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र समिति के सदस्य-संयोजक होंगे।

समिति द्वारा ‘जन मंथन-विमर्श-समाधान’ के माध्यम से नागरिकों से प्राप्त प्रणालीगत सुधार संबंधी सुझावों के प्रभावी संकलन के साथ ही नागरिक सहभागिता, जन-जागरूकता एवं संबंधित गतिविधियों के समन्वय की कार्यवाही की जाएगी।

प्रत्येक माह आयोजित होगी बैठक- शासन के निर्देशानुसार डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक प्रत्येक माह में कम से कम एक बार आयोजित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बैठक भी आयोजित की जा सकेगी।