कटनी (01 अक्‍टूबर) - सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में “सेवा मेरा योगदान” अभियान का आयोजन 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजन सेवा, अनाथालय सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिक परिवारों के सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण सहित कुल 9 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसके लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुये संबंधित विभागों को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी एवं जनभागीदारी के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।ये होंगे नोडल अधिकारी जारी आदेश के अनुसार अभियान के तहत 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले “स्वच्छता ही सेवा” गतिविधि के लिए उपायुक्‍त नगर निगम एवं समस्‍त जनपद पंचायत के सीईओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

जबकि 3 अक्टूबर को जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य शिविर के लिए मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी को जिम्‍मेदारी दी गई है। इसी प्रकार 4 अक्टूबर को वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम का नोडल उपसंचालक सामाजिक न्‍याय एवं नि:शक्‍त जन कल्‍याण विभाग को बनाया गया है। वहीं अनाथालय में सेवा कार्यक्रम के जिला स्‍तरीय नोडल महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी होंगे।

6 अक्टूबर को विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों के माध्यम से नेत्र परीक्षण एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की जिम्‍मेदारी मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी को दी गई है। 8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण हेतु जिला स्‍तरीय कार्यक्रम के नोडल उपसंचालक सामाजिक न्‍याय एवं नि:शक्‍तजन कल्‍याण विभाग होंगे। वहीं 9 अक्टूबर को जिला एवं विकासखंड स्‍तरीय वृहद वृक्षारोपण अभियान के नोडल वनमंडलाधिकारी होंगे।

इसी दिन सैनिकों तथा उनके अभिभावकों के जिला एवं विकासखंडस्‍तरीय सम्‍मान कार्यक्रम की जिम्‍मेदारी अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक एवं समस्‍त एसडीएम को दी गई है। इसके अलावा 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री वितरण कार्यक्रम के लिए नोडल जिला शिक्षा अधिकारी को बनाया गया है।