स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता सुनिश्चित करें: संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार --
निवाड़ी (मध्य प्रदेश):सागर संभाग के नवनियुक्त संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने अपने निवाड़ी प्रवास के दौरान प्रशासनिक कसावट लाने और जनसुविधाओं की ज़मीनी स्थिति परखने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय तथा संयुक्त कलेक्टर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को पूर्ण सेवा संकल्प, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएं, ताकि आमजन को शासकीय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास बना रहे।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने ओपीडी, आपातकालीन वार्ड, पैथोलॉजी लैब, और दवा वितरण केंद्रों का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं मरीज-अनुकूल बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान प्रशासनिक ढिलाई या मरीजों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत, कमिश्नर ने संयुक्त कलेक्टर कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व मामलों के निराकरण और प्रशासनिक विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समयसीमा में आम जनता के आवेदनों का निपटारा करने, लोक सेवा गारंटी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा, जिसमें कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री रोहन सक्सेना, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन सहित संभागीय व जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। संभागायुक्त के इस दौरे से जिले के प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे में सक्रियता बढ़ गई है।


