यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के सभागार में 09 सितंबर 2026 को रांची द्वारा अन्तर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक श्री अखिल कुमार मिश्रा ने की। पीआईबी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, रांची के कार्यालय प्रमुख श्री गौरव कुमार पुष्कर ने विषय प्रवेश कराया। यूआईडीएआई राँची के डीडीजी श्री अखिलेश कुमार गुप्ता ने आईएमपीसीसी को समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

श्री अखिल कुमार मिश्रा ने प्रभावी संचार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संचार में मानवीय संवेदना आवश्यक है। मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया गया संचार अधिक प्रभावी होता है।

यूआईडीएआई के निदेशक (शिकायत) श्री राजर्षि डे ने बताया कि सितंबर 2026 तक आधार सेवा केंद्रों का विस्तार तीन से 14 जिलों में किया जा रहा है, जिनमें 10 केंद्र कार्यरत हैं। 22 जिलों में सीएससी आधार सेवा केंद्र उपलब्ध हैं।

दूरदर्शन के श्री दिवाकर कुमार ने यूपीआई के 10 वर्ष, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत की लाभार्थी कहानियों तथा MMDR 2026 पर फोकस की जानकारी दी। आकाशवाणी समाचार इकाई की प्रमुख श्रीमती महविश रहमान ने 24 जिलों में संवाददाताओं और क्षेत्रीय भाषाओं में जनहितकारी सूचना प्रसार पर जोर दिया। श्री प्रभु शरण ने साइबर फ्रॉड, भ्रामक विज्ञापन, लोक अदालत, कृषि एवं पोषण माह कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सीजीएचएस के डॉ. सुंदरम ने रांची में 30 से अधिक संबद्ध अस्पतालों, जमशेदपुर केंद्र के लिए स्वीकृत स्थान तथा आयुर्वेदिक केंद्र एवं प्रयोगशाला के प्रस्ताव की जानकारी दी। दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिजीत बिस्वास ने अमृत भारत स्टेशन, 60 विशेष ट्रेन यात्राओं, 95.78 प्रतिशत समयपालन, 139 हेल्पलाइन और Rail One ऐप का उल्लेख किया।

आईओसीएल के डॉ. प्रदीप पॉल ने पश्चिम एशिया संकट के दौरान आपूर्ति, 5 किलोग्राम ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर तथा एक्सपी95/एक्सपी100 की जानकारी दी। नाबार्ड के श्री अमित कुमार ने सहकारी बैंक कंप्यूटरीकरण, एफपीओ, जीआई उत्पाद, ग्रामीण बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर और 11-20 सितंबर के ग्रामीण भारत महोत्सव की जानकारी दी।

सीआईएसएफ (एएसजी) के श्री अमित कुमार ने रांची एयरपोर्ट पर लगभग रोजाना 3,200 यात्रियों की सुरक्षित उड़ान और डीजी यात्रा की जानकारी दी। आईसीएआर-एनआईएसए के डॉ. निरंजन प्रसाद ने अनुसंधान व तकनीक हस्तांतरण की जानकारी दी। मौसम विज्ञान विभाग के डॉ. बाबूराज पी.पी. ने 21 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन एवं रेन गेज स्टेशन की मदद से रोजाना जारी होने वाले सात दिनों के मौसम पूर्वानुमान, तीन-तीन घंटे के नाउकास्ट तथा एग्रोमेट बुलेटिन की जानकारी दी। भारतीय भू-सर्वेक्षण विभाग की सुश्री श्रेया श्रेय ने 176 वर्ष पुराने संस्थान की भूमिका, झारखंड में खनिज अन्वेषण, कोडरमा में लिथियम के संकेत, पलामू-लातेहार में ग्रेफाइट तथा नेशनल जियोसाइंस डेटा रिपॉजिटरी की जानकारी साझा की। सेल, रांची के संचार प्रमुख श्री उज्ज्वल भास्कर ने सेल की कार्यशैली, इतिहास एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। बैठक में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक श्री नीरज कुमार, आकाशवाणी से श्री जेवियर कंडूलना, रांची रेल मंडल से श्री चंदन कुमार सिंह, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय से श्री अब्दुल कलाम अंसारी तथा पीआईबी रांची के कर्मचारी उपस्थित रहे।