आज पीआईबी भुवनेश्वर में केरलम, राजस्थान और पंजाब के प्रेस दलों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दौरे पर आए मीडियाकर्मियों ने और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के अधिकारियों के साथ बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के बदलते आयामों पर संवाद किया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए, श्री अखिल कुमार मिश्रा, अपर महानिदेशक, पीआईबी एवं सीबीसी, भुवनेश्वर ने डिजिटल युग में पत्रकारिता में हो रहे बदलावों और इस क्षेत्र के समक्ष उभरती चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता वर्तमान में समाज में अपनी पहचान और भूमिका को लेकर अस्तित्व के संकट का सामना कर रही है।

यह उल्लेख करते हुए कि अब लगभग दो-तिहाई समाचार उपभोक्ता सोशल मीडिया फीड के माध्यम से समाचार प्राप्त करते हैं, उन्होंने कहा कि मास मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते समन्वय से पारंपरिक पत्रकारिता मूल्यों और कार्यप्रणालियों में बदलाव आ रहा है।

बदलते मीडिया परिवेश के अनुरूप स्वयं को ढालते हुए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री मिश्रा ने पारंपरिक मूल्यों और विकसित हो रहे मीडिया तंत्र की मांगों के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने आगे कहा कि समाचार निर्माता, रिपोर्टर, संपादक, उपभोक्ता और वितरक के बीच की सीमाएं लगातार धुंधली होती जा रही हैं, जिससे पेशेवर नैतिकता, विश्वसनीयता और पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

इस अवसर पर डॉ. अथिरा थंपी, उप निदेशक, पीआईबी केरलम; श्री धर्मेश भारती, उप निदेशक, पीआईबी जयपुर; और श्री प्रीतम सिंह, निदेशक, पीआईबी चंडीगढ़ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दौरे पर आए प्रेस दलों के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद तीनों राज्यों से भाग लेने वाले पत्रकारों का परिचय कराया गया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय एकता के बंधन को मजबूत करने में इसकी भूमिका पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का समापन दौरे पर आए प्रेस दलों और पीआईबी एवं सीबीसी के अधिकारियों के बीच एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने समसामयिक मुद्दों, उभरते रुझानों और डिजिटल युग में पत्रकारिता की बदलती जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए।