विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 में मध्य प्रदेश के युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय युवा महोत्सव एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. विश्वास कैलाश सारंग ने मीडिया को संबोधित करते हुए जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मध्य प्रदेश से अब तक लगभग 3.80 लाख युवाओं ने VBYLD क्विज में भाग लिया है।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा MY Bharat के माध्यम से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है।

मध्य प्रदेश में कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश शासन तथा MY Bharat द्वारा जिला एवं राज्य स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक चंचल शेखर, अतिरिक्त सचिव अजय श्रीवास्तव, MY Bharat के राज्य निदेशक मंगल जाखड़, संयुक्त निदेशक बी.एस. यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग

VBYLD में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल mybharat.gov.in के माध्यम से पंजीयन कर निर्धारित गतिविधियों में सहभागिता करनी होगी। कार्यक्रम की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें डिजिटल क्विज, डिजिटल निबंध तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

प्रदेश स्तर पर चयनित युवा राज्य स्तरीय संवाद में अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे। इसके माध्यम से युवाओं को मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा अन्य प्रमुख नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागी प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों एवं प्रमुख नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने विचार एवं समाधान प्रस्तुत करेंगे।

चार प्रमुख थीम पर आधारित हैं गतिविधियां

VBYLD के अंतर्गत युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और रुचि के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक, यूथ पार्लियामेंट तथा युवा नवाचार ट्रैक शामिल हैं।

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में क्विज प्रतियोगिता के बाद निबंध प्रतियोगिता और जिला चैंपियनशिप के अंतर्गत PPT प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले से 50 प्रतिभागियों के शामिल होने का प्रावधान है। इनमें से चयनित दो प्रतिभागी राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेंगे।

सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत सामूहिक नृत्य, गायन, चित्रकला, भाषण एवं कविता पाठ जैसी गतिविधियां जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जिला एवं राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट तथा युवा नवाचार ट्रैक भी आयोजित किए जाएंगे।

पांच चरणों में होगी प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया

VBYLD की समस्त प्रतियोगिताएं पांच चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम एवं द्वितीय चरण MY Bharat पोर्टल के माध्यम से डिजिटल स्वरूप में आयोजित हो रहे हैं। तीसरे चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। चौथे चरण में राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के अंतिम चरण में चयनित युवा राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।

मध्य प्रदेश से लगभग 75 युवाओं का दल 10 से 12 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता करेगा।

शैक्षणिक संस्थानों से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान

VBYLD के माध्यम से युवा अपने रचनात्मक विचार, नवाचार, उद्यमशीलता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सरोकारों को प्रस्तुत कर सकेंगे। मध्य प्रदेश में कार्यक्रम की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों से युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया है।

प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, MY Bharat के जिला युवा अधिकारियों तथा संबंधित विभागों एवं संस्थानों के समन्वय से युवाओं तक VBYLD की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक पात्र युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

युवाओं से MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन कर VBYLD की निर्धारित गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने विचारों, प्रतिभा एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया है।