ग्राम डालगगया, पोस्ट पिपलियाकलां, तहसील खिलचीपुर निवासी श्री अमर सिंह दांगी ने पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना का लाभ लेकर अपने पशुपालन व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने पशुपालन को निरंतर बढ़ाया और वर्तमान में उनके पास 14 भैंसें हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 60 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। श्री दांगी ने अपने पुत्र श्री भेरूलाल दांगी को भी पशुपालन एवं स्वरोजगार से जोड़ा।
उनके पुत्र ने डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना स्वरोजगार प्रारंभ किया है। योजनाओं से मिले सहयोग से परिवार की आय एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। श्री अमर सिंह दांगी की सफलता ग्रामीण परिवारों के लिए पशुपालन को स्वरोजगार एवं आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने की प्रेरणा देती है।


