मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान एवं ‘ सेवा मेरा योगदान ’ अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत गुजरखेड़ी सहित विभिन्न प्रस्फुटन ग्रामों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत ग्राम गुजरखेड़ी में रानी दुर्गावती एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई की गई। इस दौरान उपस्थित जनों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश देते हुए पंचायत परिसर में पौधारोपण किया गया। विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे ने बताया कि 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक जन अभियान परिषद द्वारा पूरे मध्यप्रदेश में सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘ सेवा मेरा योगदान ’ अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति नागरिकों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, परामर्शदाताओं एवं सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ग्रामीणों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।





