किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कृषि सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के उद्देश्य से लांजी क्षेत्र में विभिन्न कृषि केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लांजी श्री आदित्य नारायण तिवारी, तहसीलदार लांजी श्री संजय भारस्कर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लांजी श्री कुलदीप गनवीर एवं कृषि विकास अधिकारी अमित नारनौरे के संयुक्त दल ने कृषि केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की।निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम मध्यप्रदेश राज्य विपणन संघ मर्यादित लांजी स्थित डबल लॉक का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान ई-विकास पोर्टल के स्टॉक, पीओएस स्टॉक, होलसेल स्टॉक तथा स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। सभी स्टॉक का मिलान सही पाया गया।
डबल लॉक के स्टॉक पंजी एवं कृषक वितरण पंजी का भी निरीक्षण किया गया। डबल लॉक में रखी जैविक खाद प्रोम (PROM) का नमूना लिया गया है, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लांजी श्री आदित्य नारायण तिवारी ने डबल लॉक प्रभारी को गोदाम की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात यूनिवर्सल कृषि केंद्र लांजी का भी निरीक्षण किया गया। यहां सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया, जो सही पाया गया। निरीक्षण दल द्वारा कृषि केंद्रों पर उपलब्ध बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता, स्टॉक, उपलब्धता, विक्रय व्यवस्था तथा आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान विभिन्न उर्वरक एवं कीटनाशकों के नमूने नियमानुसार लिए गए हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कृषि केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि किसानों को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कृषि आदान निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही स्टॉक एवं विक्रय से संबंधित अभिलेखों का विधिवत संधारण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों के हितों की सुरक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कृषि केंद्रों की जांच एवं कृषि आदानों के नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।



